पुलिस-CRPF पर 24 घंटे में दूसरा आतंकी हमला, 2 जवान शहीद, 2 नागरिकों की मौत
जम्मू-कश्मीर: शोपियां के बाद आतंकियों ने 24 घंटे के अंदर सोपोर में दूसरा हमला किया है। इस हमले में भी पुलिस और सीआरपीएफ की नाका पार्टी को निशाना बनाया गया। कायराना हरकत के बाद आतंकी भाग निकले। जिनकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। कश्मीर के सोपोर में आतंकियों ने पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को निशाना बनाकर हमला किया है। इस हमले में पुलिस के दो जवान शहीद हुए हैं, दो घायल भी हुए हैं। जिनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही हमले में दो नागरिक मारे गए हैं।
सोपोर के अरंपोरा में तैनात पुलिस और सीआरपीएफ की नाका पार्टी को निशाना बनाकर आतंकियों ने फायरिंग की। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए हैं। आतंकियों ने दो स्थानीय नागरिकों की भी जान ले ली। साथ ही पुलिस के एक वाहन को क्षति पहुंची है। हमला करने के बाद आतंकी फरार हो गए। हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
हमले की पुष्टि करते हुए कश्मीर जोन के आईजी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस के दो जवान शहीद हुए हैं, दो नागरिकों की भी जान गई है। साथ ही दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हमले के पीछे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हाथ है।