Dehradun

पुलिस ने जंगलचट्टी में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं को रोका, विधानसभा कूच का प्रयास

चमोली। विधानसभा सत्र के पहले दिन जंगलचट्टी बैरियर पर यूकेडी, प्रधान संगठन, स्वराज दल समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। ये कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान बैरियर पर मीडिया कर्मियों, स्थानीय लोगों और अधिकारियों के फंसने की सूचना है। वहीं, विधानसभा के मुख्य गेट पर कांग्रेस के विधायकों ने वोट चोरी, अंकित भंडारी को न्याय दिलाने और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। वहीं गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। विधायक विधानसभा की सीढ़ियों पर बैठकर धरने पर रहे। दिवालीखाल में प्रदर्शन कर रहे प्रधान संघ के सदस्यों को पुलिस बस में बैठाकर ले गई। वहीं, दुगथम्बा बैरियर पर यूकेडी के युवा भी पहुंचे। उन्होंने ‘जय पहाड़, जय पहाड़ी’ और राजधानी गैरसैंण के समर्थन में नारे लगाए। गैरसैंण से दिवालीखाल जाने वाले मार्ग पर बैरियर के पास यूकेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी बैरियर पर चढ़ गए। गैरसैंण-दिवालीखाल मार्ग पर जंगलचट्टी में प्रदर्शन कर रहे यूकेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने दूसरी बार वाटर कैनन का प्रयोग किया। यहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं और बैरियर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। यूकेडी नेता आशीष नेगी भी मौके पर पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारी बैरियर पर चढ़कर विरोध जता रहे हैं। दिवालीखाल में प्रदर्शन के दौरान करण माहरा समेत कांग्रेस के नेता बैरियर पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस पीछे धकेलती नजर आई। जंगलचट्टी में यूकेडी, कांग्रेस और स्वराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने बैरियर तोड़ा और दिवालीखाल की ओर बढ़े। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी दिवालीखाल पहुंचे, जहां यूकेडी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान भराड़ीसैंण में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की गई। गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं यूकेडी कार्यकर्ता बैरिकेड पर जूझते रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button