Dehradun

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जारी रहा विशेष स्वच्छता अभियान

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में मेलाधिकारी कुंभ श्रीमती सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में विशेष स्वच्छता अभियान निरंतर जारी है। विशेष स्वच्छता अभियान का उद्देश्य हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना तथा धार्मिक स्थलों, गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखना है। मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए संचालित इस अभियान की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्वयं मॉनिटरिंग की जा रही है।
अभियान के छठे दिन सोमवार को सुभाष घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें 600 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। अभियान के दौरान घाट और आसपास के क्षेत्रों से करीब 55 टन सूखा एवं गीला कूड़ा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया। स्वच्छता अभियान में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, भारतीय नदी परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम, आपदा प्रबंधन विभाग,जिला पंचायत, श्रीगंगा सभा, शांतिकुंज,श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सामूहिक श्रमदान कर सुभाष घाट, सीढ़ियों, आसपास के मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की।अभियान के दौरान कूड़े को सूखा और गीला श्रेणी में अलग-अलग एकत्र किया गया, ताकि उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सभी विभागों, संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों पर स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें और गंगा एवं घाटों को प्रदूषण से बचाने में सहयोग करें। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि नगर निगम की टीमों द्वारा अभियान के दौरान एकत्र किए गए सूखे और गीले कूड़े को अलग-अलग कर निस्तारण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि घाटों की नियमित सफाई के साथ-साथ लोगों को कूड़ा न फैलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। स्वच्छता नोडल अधिकारी सीएम त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से ही स्थायी सफलता मिल सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें और स्वच्छ हरिद्वार के निर्माण में सक्रिय सहयोग करें। श्रीमहंत दीपकराज महाराज जी ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील करते हुए कहा कि गंगा घाटों की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा में कूड़ा न डालें, प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं। अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों ने गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही गंगा संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है।इसी क्रम में एसडी आदर्श इंटर कॉलेज, भीकमपुर जीतपुर में नवीन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का गठन किया गया। गंगा स्पर्श कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं, प्लास्टिक का उपयोग कम करें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। विभिन्न विभागों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से स्वच्छ, सुंदर एवं निर्मल हरिद्वार के संकल्प को मजबूती मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button