Dehradun

शैक्षिक भ्रमण पर भेजे जायेंगे मेधावी छात्र-छात्राएंः डाॅ. धन सिंह रावत

देहरादून.सूबे के मेधावी छात्र-छात्राओं को शीघ्र ही अन्तर्राज्यीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजा जायेगा। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दे दिये गये हैं। इसके अलावा छात्रों को मिलने वाले निःशुल्क स्कूली ड्रेस, बैग, जूते व साइकिल के पैसे भी शीघ्र डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजने को भी अधिकारियों को कहा गया है। इसके साथ ही एससीईआरटी, डायट के नये ढांचे के गठन सहित अन्य प्रमुख प्रस्तावों को आगामी कैबिनेट बैठक में लाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये गये हैं।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केन्द्र के सभाकक्ष में विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को नवम्बर माह में अन्तर्राज्यीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होंने भ्रमण कार्यक्रम के लिये निदेशालय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिये, ताकि नामित अधिकारी कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुरूप जनपदों से समन्यव स्थापित कर सके। डाॅ. रावत ने कहा कि अन्तर्राज्यीय शैक्षिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को वैज्ञानिक अनुसंधान केन्द्रों, अंतरिक्ष अनुसंधान केन्द्र, खेल प्रशिक्षण संस्थान, प्रौद्योगिकी संस्थान, सांस्कृतिक व विरासत स्थल सहित संगीत व कला अकादमी का दौरा कराया जायेगा। जबकि राज्य स्तर पर आईआईटी रूड़की, एनआईटी, आईआईएम काशीपुर, एफआरआई देहरादून, आईएएस प्रशिक्षण अकादमी मसूरी सहित जिम कार्बेट पार्क आदि स्थलों का भ्रमण कराया जायेगा। बैठक में विभागीय मंत्री ने छात्र-छात्राओं को मिलने वाले निःशुल्क स्कूली ड्रेस, बैग, जूते व साइकिल के पैसे एक माह के भी डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। डाॅ. रावत ने पीएम-श्री व समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत तैयार आईटीसी व स्र्माअ क्लास, स्पोर्ट काॅम्पलेक्स, छात्रावास आदि परियोजनाओं का शीघ्र लोकार्पण करने निर्देश भी दिये। इसके अलावा उन्होंने एससीईआरटी, डायट के नये ढांचे के गठन सहित छात्र-छात्रों को मिलने वाले निःशुल्क टैबलेट, स्कूली ड्रेस, बैग, जूते व साइकिल की धनराशि में वृद्धि करने हेतु आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव लाने को भी अधिकारियों को कहा।

बैठक में विभागीय मंत्री डाॅ. रावत ने प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग में शैक्षिक व शिक्षणेत्तर संवर्ग के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने, चतुर्थ श्रेणी पदों को भरने, अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों का समायोजन व प्रांतीयकरण करने, सेवारत शिक्षकों के लिये विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित करने, विभाग की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।

बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा ज्योति यादव, निदेशक एससीईआरटी वंदना गब्र्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनोद कुमार सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक शिक्षा के.एस. रावत, उप निदेशक जे.पी. काला, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल, वित्त नियंत्रक विरेन्द्र कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने बैठक में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button