एमडीडीए ने किया निर्माणाधीन भवनों को सील

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान को और अधिक सख्ती के साथ जारी रखते हुए ऋषिकेश एवं देहरादून में दो निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया।
ऋषिकेश क्षेत्र के खैरीकला, श्यामपुर में प्राधिकरण की टीम ने निरीक्षण के दौरान एक निर्माण कार्य को बिना स्वीकृत मानचित्र एवं आवश्यक अनुमति के संचालित पाया। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित भवन को सील कर दिया गया।
वहीं, देहरादून के सुभाष नगर स्थित पंत मार्ग क्षेत्र में एक बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य प्राधिकरण से प्राप्त स्वीकृति एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। इसके चलते एमडीडीए ने उक्त भवन को भी सील कर दिया।
अवैध निर्माण, मानचित्र से विपरीत निर्माण तथा बिना अनुमति संचालित विकास कार्यों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।



