देहरादून: प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून से प्रदेश के सभी विभागों की नागरिक सेवाओं को एक करते हुए नवीन पोर्टल अपणी सरकार का शुभारंभ कर दिया हैं। ये कदम सरकारी विभागों की सेवाओं को आम जनमानस तक सुविधाजनक, कुशल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया हैं। इस पोर्टल के तहत ई- डिस्ट्रिक्ट के माध्यम से संचालित 32 सेवाओं को अद्यतन करते हुए कुल 75 सेवाओं को अपणी सरकार के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाया जाएगा।
आपणी सरकार पोर्टल के माध्यम से 9 विभागों की 75 सेवाएं तथा— चरित्र प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीकरण, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं विकलांग पेंशन आदि को फेसलेस, कैशलेस एवं पेपरलेस तरीके से आम नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा। यह सभी सेवाएं नागरिकों को ई- डिस्ट्रिक्ट केंद्रों एवं सीएससी केंद्रों एवं पोर्टल पर भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उन्नति पोर्टल का भी शुभारंभ कर दिया हैं। उन्नति पोर्टल के माध्यम से उत्तराखंड सरकार के सभी विभागों के परियोजना को प्रस्तावित किया जा सकता है, एवं लंबित विभागीय प्रस्तावों कि निगरानी, अनुवर्ती कार्यवाही, परियोजना की प्रगति की निगरानी एवं बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय के लिए उत्तराखंड सरकार द्वारा उन्नति पोर्टल विकसित किया गया है।