Dehradun

जनता मिलन में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं

चमोली, 06 जुलाई।जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त कुल 16 शिकायतों पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम चमसिल, ग्रामसभा ढामक निवासी जगदीश प्रसाद ने पेयजल मरम्मत कार्य के भुगतान से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार जांच कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं गोपेश्वर निवासी जयंती देवी की सीवरेज संबंधी शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान एवं अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
गोविंद लाल ने खल्ला मंडल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त चारदीवारी का मामला उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जनपद के सभी क्षतिग्रस्त विद्यालयों के लिए नाबार्ड के माध्यम से प्रस्ताव तैयार करने तथा नामित कार्यदायी संस्था से प्राथमिकता के आधार पर सभी प्रस्ताव शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए।
बैनोली निवासी मनमोहन सिंह ने श्रम कार्ड से संबंधित समस्या रखी। जिलाधिकारी ने श्रम अधिकारी को 9 जुलाई को लोल्टी में आयोजित होने वाले श्रम शिविर के साथ आधार पंजीकरण शिविर भी आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इसके अतिरिक्त जगदीश सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य फरियादियों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर भी सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी 16 शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आनंद सिंह, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button