Dehradun

राज्यपाल का आह्वान : युवा बनें रोजगार सृजक, पर्वतीय कृषि और नवाचारों पर हो विशेष फोकस

देहरादून/पंतनगर।
गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय पंतनगर के 67वें स्थापना दिवस समारोह में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए देश के कृषि और खाद्यान्न सुरक्षा में पंतनगर की ऐतिहासिक भूमिका को सराहा। उन्होंने कहा कि इसी पावन धरती ने अनुसंधान और किसानों के परिश्रम के समन्वय से देश में हरित क्रांति की सुदृढ़ आधारशिला रखी थी।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की हालिया उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2026 में भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करना संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक और अनुसंधान क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने संस्थान के विभिन्न नवाचारों- जैसे संकर चारा मक्का किस्मों का विकास, ओपीयू-आईवीएफ तकनीक से बद्री गाय की बछिया का जन्म, मालू के रेशों से वस्त्र निर्माण, धान की भूसी से ट्राइकोडर्मा उत्पादन और पंत वीड गाइड ऐप की विशेष रूप से सराहना की।
उत्तराखण्ड की भौगोलिक और कृषि संबंधी संभावनाओं का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पर्वतीय कृषि, जलवायु-अनुकूल बीजों, कम लागत वाली तकनीकों, प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन पर विशेष अनुसंधान किए जाने की आवश्यकता है। इससे पर्वतीय किसानों की आय बढ़ेगी, कृषि अधिक लाभकारी बनेगी और राज्य से पलायन की चुनौती का समाधान करने में सहायता मिलेगी।
विद्यार्थियों और युवाओं को प्रेरित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित युवा कार्यक्रम पिछले 25 वर्षों से युवाओं में चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा जगा रहा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल नौकरी पाने वाले (जॉब सीकर) न बनें, बल्कि कृषि स्टार्टअप और नवीन तकनीकों के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाले (जॉब प्रोवाइडर) बनें। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और नवाचार में लगाने की सलाह दी। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विभिन्न योजनाओं-जैसे पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, डिजिटल कृषि मिशन और नमो ड्रोन दीदी-का जिक्र करते हुए विश्वविद्यालयों से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का लाभ तकनीकी प्रसार के माध्यम से सीधे किसानों तक पहुँचाएँ। इसके अलावा कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और छात्राओं के लिए द वाइब स्ट्रीट जैसी परिसरीय पहलों की भी सराहना की। इस अवसर पर राज्यपाल ने चार प्रतिभाशाली विद्यार्थी अनुमेय सिंह, नंदनी मीमांशा व राहुल कुमार को सम्मानित किया तथा राइजिंग पंतनगर पुस्तक व दस ब्रोशर का विमोचन किया।
इस अवसर पर सांसद श्री अजय भट्ट, कुलपति डॉ .एस के कश्यप, डैम बी.एस. चलाल, कुलसचिव डॉ. दीपा विनय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. विपिन चंद्र ध्यानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button