Dehradun

बच्चों के लिए पहाड़ के पारंपरिक मेलों का अनूठा संग्रह ‘ उत्तराखंड: मेलों के विविध रंग’

पुस्तक समीक्षक

देहरादून। उत्तराखण्ड अनादिकाल से देवी-देवताओं की निवासस्थली , ऋषि-मुनियों की तपस्थली , प्राकृतिक दृष्टि से हिमाच्छादित पर्वत शिखरों से कल-कल छल-छल गतिशील नदियां , शुभ्र रंग के बहते झरने , सघन कानन , शांत एवं स्वच्छ वातावरण और स्वास्थ्यवर्धक जलवायु आकर्षक का केन्द्र रही है । इसी कारण समय-समय पर देश-विदेश के धार्मिक , वैज्ञानिक , सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से लोग यहां आए और यहां के मोहपाश में ऐसे बंधे कि हमेशा हमेशा के लिए यहीं के होकर रह गये , जिसके परिणामस्वरूप यहां पर अनेक संस्कृतियों का विकास और विस्तार हुआ । सबने अपने-अपने धर्म- सम्प्रदाय के आधार पर देवालयों की स्थापना की जहां पर निर्धारित समय पर मेले आयोजित होने लगे जिनमें सभी लोग धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावना से प्रतिभाग करते आए हैं ।
उत्तराखण्ड के सभी जिलों में धार्मिक, सामाजिक , सांस्कृतिक के साथ ही मनोरंजन, क्रय-विक्रय एवं मेल-मिलाप के उद्देश्य से भी मेले लगने की सुदीर्घ परम्परा रही है जो बहु-आयामी सिद्ध होते रहे हैं । इन सभी मेलों पर दृष्टिपात करें तो ए सब एक जैसे न होकर विविध रूप-रंगों में दिखाई देते हैं जो अपनी विशिष्ट परम्परा , पहचान और नए कलेवर में दिखने के कारण आकर्षक लगते हैं और स्थानीय ही नहीं अपितु देश-विदेश से भी दर्शक धार्मिक , सामाजिक , सांस्कृतिक , आध्यात्मिक एवं व्यापारिक दृष्टि से खिंचा चला आया ।
उत्तराखण्ड के इन सभी मेलों के विविध रंगों पर अपने सुदीर्घ शोध के आधार पर ‘ उत्तराखण्ड: मेलों के विविध रंग ‘ नाम से एक पुस्तक लिखी है जो बच्चों के साथ शोधार्थियों , विद्यार्थियों , शिक्षकों , साहित्यकारों व सामान्य पाठक के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगी ऐसा मैं समझता हूॅं । इसके लिए मैं पुस्तक की लेखिका शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ.कुसुम रानी नैथानी ‘डॉ. के.रानी’ जी को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं देना अपना परम दायित्व समझता हूॅं जिन्होंने इतनी सुन्दर और महत्वपूर्ण पुस्तक को लिखकर पाठकों के लिए सम्पूर्ण प्रदेश में आयोजित होने वाले मेलों से सम्बन्धित सम्पूर्ण शोध परक ज्ञान , मनमोहक रंगीन चित्रों सहित एक पुस्तकाकार रूप में पाठकों तक पहुंचाने का महति कार्य किया है । लेखिका के साथ ही मैं नगीन प्रकाशन प्रा.लि. , मेरठ ( उत्तर-प्रदेश ) को भी हार्दिक साधुवाद देना हूॅं जिन्होंने सुन्दर कागज पर छपाई कर इसे पुस्तक का रूप दिया है ।
पुस्तक का अवलोकन करने पर ज्ञात हुआ कि ‘उत्तराखंड: मेलों के विविध रंग’ पुस्तक में डॉ० कुसुम रानी नैथानी ‘डॉ० के० रानी’ ने उत्तराखंड देवभूमि जो अपनी समृद्ध लोक-संस्कृति, देव-परंपराओं, लोक-संगीत और मेलों के लिए जानी जाती है उसके तेरह जनपदों में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेलों, थौल, लोक-उत्सवों, वाद्ययंत्रों और लोकनृत्यों का एक बहुत सुन्दर एवं ज्ञानवर्धक दस्तावेज तैयार किया है।
पुस्तक के शीर्षक में ‘बच्चों के संग’ जोड़ने का उद्देश्य इसे शुष्क या बोझिल बनाने के बजाय पारिवारिक और सुगम रूप देना है। हम सब जानते हैं कि मेलों का ऐतिहासिक व सांस्कृतिक सत्य छोटे बच्चों और बड़ों सभी आयु-वर्गों के लिए एक समान होता है । यह पुस्तक एक ऐसे मार्गदर्शक की भूमिका निभाती है जो नई पीढ़ी और बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, माटी की खुशबू और पारम्परिक लोक-मान्यताओं से सहज रूप से जोड़ती है।
लेखिका ने उत्तराखंड के मेलों को केवल मनोरंजन या क्रय-विक्रय का माध्यम न मानकर पहाड़ी जीवन की कठिन परिस्थितियों में सामाजिक एकजुटता और आस्था के जीवंत संबल के रूप में प्रस्तुत किया है। इसमें धार्मिक – आध्यात्मिक मेले (कुंभ, बैकुंठ चतुर्दशी), कृषि व ऋतु पर्व (हरेला, फूलदेई, उत्तरायणी), ऐतिहासिक व साहसिक मेले (देवीधुरा की बग्वाल, डाडामंडी का गिंदी मेला, मौण मेला) और अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक मेले (जौलजीबी) का विस्तृत वर्णन किया गया है।
इसके अलावा मेलों के सांस्कृतिक प्रतीक देव-डोलियों का नृत्य, ‘पश्वा’ पर देव-अवतरण, जागर, थौल और पारंपरिक वाद्ययंत्रों (ढोल-दमाऊ, हुड़का, रणसिंघा, मशकबीन, रामतुला आदि) की व्याख्या की गई है।
इन मेलों में सुदूर गाँवों में ब्याही बेटियों के मायके से मिलन और प्रवासियों के अपनी माटी से जुड़ने के सामाजिक जुड़ाव को भावुक क्षणों को भी रेखांकित किया गया है।
सात अध्याय में व्यवस्थित यह पुस्तक ‘उत्तराखंड: मेलों के विविध रंग’ उत्तराखंड के पारंपरिक मेले और त्योहार , मेले के धार्मिक आकर्षण (देव-परंपराएँ व वाद्ययंत्र), विभिन्न जनपदों के प्रसिद्ध मेले ,साहसिक व ऐतिहासिक आयोजन के विशेष मेले,महाकुंभ, नंदा जात आदि बारह वर्ष में लगने वाले प्रसिद्ध मेले और उत्तराखंड के मेलों की संस्कृति की धरोहर में विभाजित है।
लेखिका डॉ० कुसुम रानी नैथानी की इस पुस्तक की भाषा शैली वर्णनात्मक, आत्मीय और निबंधात्मक और बोधगम्य है। पुस्तक में स्थानीय शब्दों जैसे कौथिग, थौल, पश्वा, जागर, ढाकर, खाम आदि के प्रयोग से पुस्तक में आंचलिकता और प्रामाणिकता का सुंदर समावेश हुआ है। पुस्तक में दी गई जनपदीय मेलों की तालिकाएँ और विवरण बच्चों ,शिक्षकों और लोक संस्कृति प्रेमियों के लिए अत्यंत उपयोगी जानकारी प्रदान करते हैं।
‘उत्तराखंड: मेलों के विविध रंग’ की प्रमुख विशेषता इसकी व्यापकता है। उत्तराखंड के समस्त जनपदों के छोटे-बड़े मेलों को इस पुस्तक में बच्चों के लिए एक जगह संकलित किया गया है।यह व्यावसायिक मेलों (कौथिग) और सादे ग्रामीण उत्सवों (थौल) के बीच सांस्कृतिक अंतर को स्पष्ट करती है। मेलों के साथ-साथ लोकनृत्यों (छोलिया, रम्माण, पांडव नृत्य) और लोकवाद्यों का वैज्ञानिक व व्यावहारिक परिचय भी दिया गया है। यह पुस्तक अभिभावकों और बच्चों के लिए साथ मिलकर अपनी लोक-संस्कृति को जानने और समझने का एक अच्छा माध्यम है। पुस्तक में उत्तराखंड की लोक सांस्कृतिक संरक्षण का भी पूरा प्रयास किया गया है। आधुनिकता और पलायन के दौर में नई पीढ़ी को अपनी लोक विरासत से जोड़ने की यह एक सराहनीय पहल और संरक्षण की दिशा में एक अनूठी और प्रशंसनीय प्रयास है।
यह पुस्तक पाठकों के मन में उत्तराखंड के मेलों को प्रत्यक्ष देखने और समझने की उत्सुकता जगाती है। यह न केवल आम पाठकों और बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक है बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ने की ओर अग्रसर करने के साथ ही उत्तराखंड को नजदीक से जानने समझने की इच्छा रखने वालों के लिए एक संग्रहणीय कृति है । मुझे आशा है कि इस पुस्तक का अध्ययन कर पाठक अवश्य ही लाभान्वित होंगे ।
पुस्तक अमेजोन पर भी उपलब्ध है और लिखितका से भी सम्पर्क कर प्राप्त की जा सकती है ।
पुस्तक – ‘उत्तराखण्ड: मेलों के विविध रंग ‘
लेखिका – डॉ.कुसुम रानी नैथानी ‘डॉ.के.रानी ‘
देहरादून ( उत्तराखण्ड )
मूल्य – 200.00 रुपए
प्रकाशक – नगीन प्रकाशन प्रा.लि. मेरठ ( उत्तर प्रदेश )
समीक्षक – डॉ. सुरेन्द्र दत्त सेमल्टी
समीक्षक / साहित्यकार – देहरादून (उत्तराखण्ड)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button