मुख्यमंत्री ने की विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर बनाने की घोषणा, धार्मिक पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

उत्तरकाश. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नाम से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान काशी विश्वनाथ और माँ शक्ति से प्रदेश की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि तथा समस्त प्रदेशवासियों की खुशहाली की मंगल कामना की।
मंदिर दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री ने जनपद के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित विशाल ‘सेवा संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा काल के सफल 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नई दिल्ली से आयोजित विशेष कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को वर्चुअली देखा तथा उनके दूरदर्शी नेतृत्व और सेवा भावना की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह ऐतिहासिक रामलीला मैदान हमारी सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक रहा है आज हमारे देश के कर्मयोगी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस अवसर पर सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है यह यात्रा जन सेवा, राष्ट्र भाव , जन कल्याण के महासंगम का प्रतीक है जिसे प्रधानमंत्री ने पिछले ढाई दशक में अपने जीवन का मिशन और संकल्प बनाया है। उन्होंने कहा कि हमें इसी यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश का हर नागरिक यह महसूस कर रहा है सरकार उसके जीवन का आसान बनाने के लिए काम कर रही है, जन धन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज और प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के मकान हो सभी जन कल्याणकारी योजनाएं गरीब के घर तक पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री जी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास ही मूलमंत्र रहा है। आज शासन को सरकारी कार्यालय और फाइल तक नहीं सीमित नहीं रखा है बल्कि लोगों के दरवाजों तक पहुंचाने का काम किया है। आज गरीब को सरकारी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते हैं आज सरकार खुद लोगों के घर तक पहुंच रही है। लाभार्थियों से संवाद कर रही है उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का प्रयास कर रही है। कहा कि प्रधानमंत्री जी ने केदारनाथ की भूमि से कहा था कि 21वी सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा उनके इस विजन को पूरा करने के लिए हमारी सरकार समर्पित होकर कार्य कर रही है। आज हमारी सरकार हमारे सरकार के संकल्प और प्रधानमंत्री के विजन के कारण पहाड़ में रेल, उद्योग, रोजगार, पर्यटन और पहाड़ में पलायन रोकने के प्रयास संभव हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारी इकॉनमी डेढ़ गुणा से अधिक बढ़ी है प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं होटल की संख्या में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी, होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है। आज लखपति दीदी योजना से प्रदेश में 3 लाख से अधिक माता और बहनें लखपति दीदी बन चुकी है। इनके द्वारा बनाए जा रहे स्थानीय उत्पादों की आज उत्तराखंड ही नहीं भारत में भी मांग बढ़ी है। एसडीजी इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया वही पिछले 4 वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली अवॉर्ड भी उत्तराखंड को प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पूर्ण साक्षर राज्य की उपलब्धि को भी साक्षात्कार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाने के परिणाम भी आ रहे हैं कि इस बार अभी तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु के आगमन ने चारधाम यात्रा के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उत्तरकाशी में भी विकास की दौड़ में 200 करोड़ से अधिक की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है जिनमें से 26 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 24 योजनाओं का कार्य गतिमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की यह गंगा यूँ ही बहती रहेगी।
देश में यूसीसी कानून लागू करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य बना तथा धर्मांतरण कानून, दंगा रोधी कानून, भू कानून, लैंड जिहाद, थूक जिहाद जैसे महत्वपूर्ण कानून लागू किए हैं। युवाओ के सुरक्षित भविष्य हेतु देश में सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया जिससे आज पिछले 5 वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा की आज का यह अवसर भविष्य के भारत का निर्माण लेने का संकल्प है हमें विकास भारत के संकल्प को अपने कर्तव्यों और दायित्वों में उतारना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वनाथ श्री शक्ति माता कॉरिडोर को भविष्य में बनाने की घोषणा की तथा मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारा धार्मिक स्थल है बाबा विश्वनाथ का स्थान है देश-विदेश से बड़ी संख्या में यहां श्रद्धालु आते हैं जो सुविधाजनक होना चाहिए जिससे धार्मिक पर्यटन और रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका परीक्षण कराया जाएगा और भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर भारत सरकार पत्र भेजा गया है और जिस पर जल्द स्वीकृति हेतु आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। डोडी ताल, अवाना बुग्याल, हरिमहाराज सौड बुग्याल आदि को मानचित्र पर निर्धारित एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। और स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी गाजणा का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री गोपाल सिंह रावत के नाम पर किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान,पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, दर्जधारी राज्य मंत्री प्रताप सिंह पवार, राम सुंदर नौटियाल, जगत सिंह चौहान, श्याम डोभाल, जनानंद नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, केदार सिंह रावत, सूरत राम नौटियाल, मालचंद, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, शारदा राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान,नवीन ठाकुर, विनोद रतूड़ी , ब्लॉक प्रमुख ममता पवार, राजदीप पवार, रणवीर सिंह महंत, ललित सेमवाल, सत्येंद्र राणा, शैलेंद्र कोहली, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, चंडी प्रसाद भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



