Dehradun

श्री केदारनाथ धाम यात्रा सुचारू, अब तक 17.75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर, 2026 को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। वर्तमान में यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि विगत एक सप्ताह से मौसम अनुकूल रहने के कारण यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य बनी हुई हैं तथा हेली सेवाओं का संचालन भी सुचारू रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि इस वर्ष की यात्रा में अब तक 17,75,059 श्रद्धालु श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर चुके हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के शेष दिनों में भी देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को निरंतर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उनकी यात्रा सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनी रहे। उन्होंने बताया कि धाम में हल्की बर्फबारी होने के साथ ही तापमान में भी लगातार गिरावट आ रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं को मौसम के अनुरूप आवश्यक तैयारियों के साथ यात्रा करने की जरूरत है।
उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों से अपील की कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आने से पूर्व मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा पर्याप्त गर्म कपड़े, आवश्यक सामग्री एवं अपनी जरूरत की दवाइयां साथ लेकर आएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालु मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button