उत्तराखंड कांग्रेस ने निकाला ‘संविधान बचाओ मार्च’

देहरादून। आज संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ‘संविधान बचाओ मार्च’ का आयोजन किया। इस अवसर पर कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा कि अब पूरे देश के सामने है कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर किस तरह वोट चोरी कर रही है। जनता के मताधिकार से खिलवाड़ करना संविधान पर सीधा हमला है। आखिर जब जनता का वोट ही नहीं बचेगा, तो संविधान कैसे बचेगा?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। उत्तराखंड की भाजपा सरकार के खिलाफ जनता का आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है। बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार की विफलता को लेकर जनता में नाराजगी है। अब प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। इस अवसर पर प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत आज देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन की ओर विशाल जनसैलाब निकला है। सड़कों पर उमड़ा यह जनविश्वास इस बात का स्पष्ट संदेश है कि देवभूमि की जनता अब खोखले दावों और भ्रष्टाचार की राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है। अन्याय के खिलाफ शुरू हुआ यह संघर्ष अब रुकने वाला नहीं है।



