Dehradun

अनुग्रह संस्था की अध्यक्ष ने की राज्यपाल से मुलाकात

देहरादून 28 सितम्बर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से सोमवार को लोक भवन में अनुग्रह संस्था की अध्यक्ष श्रीमती आभा चौधरी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने संस्था द्वारा वरिष्ठजनों के सशक्तीकरण एवं कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी राज्यपाल को दी। अनुग्रह संस्था सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों के सशक्तीकरण तथा समग्र विकास के लिए कार्य करती है। विशेष रूप से संस्था वरिष्ठजनों के कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। राज्यपाल ने संस्था द्वारा वरिष्ठजनों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि वे आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए अपने दैनिक कार्यों में अधिक सक्षम बन सकें और दूसरों पर उनकी निर्भरता कम हो।
राज्यपाल ने कहा कि वरिष्ठजनों की देखभाल और उनका सम्मान करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का व्यापक अनुभव और ज्ञान है, जिसका लाभ समाज और नई पीढ़ी को मिलना चाहिए। इसके लिए उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने तथा उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप सार्थक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।राज्यपाल ने वरिष्ठजनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में विश्वविद्यालयों, जिलाधिकारियों, पूर्व सैनिकों और अन्य सामाजिक संगठनों को भी जोड़ा जा सकता है। उन्होंने वरिष्ठजनों के अनुभव और विशेषज्ञता को युवाओं तक पहुंचाने के लिए संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button