रुद्रप्रयाग को तम्बाकू मुक्त बनाने की मुहिम तेज़

रुद्रप्रयाग। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राम प्रकाश के निर्देशन में जनपद को स्वास्थ्य के क्षेत्र में आदर्श बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों को तम्बाकू मुक्त करने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभागार में तम्बाकू मुक्त गाँव विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। सीएमओ के निर्देशों के अनुपालन में शुरू की गई इस मुहिम के प्रथम चरण में 4 ग्राम पंचायतों पुनाड, कमेडा, लमेरी और डुंगरी को पूरी तरह से तम्बाकू मुक्त करने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आयोजित कार्यशाला में चयनित चारों ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। इसमें मुख्य रूप से पुनाड के ग्राम प्रधान नरेन्द्र सिंह, कमेडा की ग्राम प्रधान ऊषा देवी, लमेरी की ग्राम प्रधान प्रतिभा और डुंगरी की ग्राम प्रधान विनायका भट्ट उपस्थित रहे। इनके साथ ही स्वास्थ्य विभाग से सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिभाग किया। कार्यशाला में सीएमओ डॉ. राम प्रकाश के संदेश को साझा करते हुए बताया गया कि प्रथम चरण में शामिल इन 4 ग्राम पंचायतों को रोल मॉडल आदर्शद्ध के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके बाद इस अभियान का विस्तार जनपद की अन्य पंचायतों में भी किया जाएगा। इसके लिए सभी को तम्बाकू नियंत्रण कानून-2003 की धारा 4, 5, 6 और 7 के कड़े कानूनी प्रावधानों से विस्तार से अवगत कराया गया। सभी ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे अपनी-अपनी पंचायतों को तम्बाकू मुक्त बनाने के लिए आवश्यक सामूहिक गतिविधियां, बैठकें और ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएं। इस सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के सोशल वर्कर दिगपाल कण्डारी और बालाजी सेवा संस्थान, देहरादून से आए डिविजनल कोर्डिनेटर अजीत सिंह एवं सुधांशु मौजूद रहे।



