Dehradun

जितना हमारे जीवन मे शिक्षा का महत्त्व है उतना ही खेल का भी : रेखा आर्या

देहरादून। आज कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने लोहाघाट (चंपावत) स्थित देश के प्रथम महिला स्पोर्ट्स स्टेडियम/कॉलेज पहुंचकर स्टेडियम और कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया।
साथ ही यहाँ अध्ययनरत छात्राओं के साथ संवाद किया। छात्राओं से उनकी दैनिक दिनचर्या, क्रियाकलाप, उनकी खेलकूद की गतिविधियों के बारे मे जानकारी प्राप्त करने के साथ उनकी समस्याओं को भी सुना। छात्राओं ने अपनी कुछ परेशानियां साझा की जिन्हें दूर करने का कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त बालिकाओं के द्वारा कई सुझाव भी प्राप्त हुए।
इस अवसर पर स्पोर्ट्स कॉलेज की छात्राओं के आवागमन हेतु बस को हरी झंडी दिखाते हुए उसका लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि निश्चित ही हमारी बालिकाओं को पूर्व मे आवागमन मे जो कठनाई होती थी वह अब नहीं हुआ करेगी।
उन्होंने सभी अध्ययनरत बालिकाओं से कहा कि बच्चों आज जितना हमारे जीवन मे शिक्षा का महत्त्व है उतना ही खेल का भी है, इसलिए पढ़ाई के साथ -साथ आप सभी लोग अपने खेल को भी गंभीरता पूर्वक लें।
उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि पूर्व मे जिस प्रकार माता -पिता खेल के प्रति गंभीरता नहीं रखते थे और बच्चों को खेल मे आगे नहीं बढ़ाते थे, लेकिन आज यह धारणा पूरी तरह बदल चुकी है आज हर अभिवावक अपने बच्चों को खेलों मे आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैँ।
उन्होंने सभी बालिकाओं को उनके उज्जवल भविष्य और खेलों मे उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगोली, प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, बॉक्सिंग कोच सुश्री रजवंत कौर, बैडमिंटन कोच सुश्री साक्षी राणा, एथलेटिक्स कोच सुश्री कमला, कंप्यूटर ऑपरेटर श्रीमती मनीषा सहित अधिकारी, कर्मचारी और स्पोर्ट्स कॉलेज के बच्चे उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button