Dehradun

मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ

देहरादून, 16 सितंबर। युवा कल्याण, खेल एवं शिक्षा विभाग द्वारा विधानसभा क्षेत्र मसूरी में आयोजित विधानसभा स्तरीय विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारम्भ बुधवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में आयोजित इस प्रतियोगिता में मसूरी के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। मंत्री ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा खेल प्रतिभा के क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। काबीना मंत्री ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।
मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को खेल प्रतिभाओं की मजबूत नर्सरी के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेल नीति-2021 के माध्यम से प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान से लेकर उनके प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग, पुरस्कार एवं रोजगार के अवसरों तक विभिन्न व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना तथा 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जा रहा है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार तथा पात्र पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आउट-ऑफ-टर्न सेवायोजन की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही प्रदेश में खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास, प्रशिक्षण शिविरों, खेल उपकरण एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए आवश्यक सहायता पर भी सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान कार्यक्रम में पूनम नौटियाल, किरन, जगदीश रेगमी, युवा कल्याण, खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button