Almora

डीएम ने किया मल्ला महल परिसर का स्थलीय निरीक्षण

अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार 4 जुलाई से प्रारंभ होने वाले सात दिवसीय ‘सेवा सप्ताह’ अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में आज जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मल्ला महल परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोजन को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं ताकि कार्यक्रम में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा सप्ताह का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण तैयारी के साथ शिविर में प्रतिभाग करें तथा आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों से संबंधित सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मौके पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के प्रत्येक पहलू पर समुचित समन्वय बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर पूर्ण कर ली जाएं, जिससे 4 जुलाई को आयोजित होने वाला जनपद स्तरीय सेवा सप्ताह कार्यक्रम सफल एवं जनोपयोगी सिद्ध हो। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री रामजी शरण शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button