केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट

रुद्रप्रयाग, 17 अप्रैल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के सफल संचालन और केदारघाटी में आपदा न्यूनीकरण एवं प्रतिक्रिया तंत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर तैनात किए जा रहे सेक्टर व सहायक सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को हर प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना कराना ही सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पैदल मार्ग में कूड़ा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था समेत अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा मार्ग पर संचालित घोड़े-खच्चरों के साथ किसी भी प्रकार की पशु क्रूरता न हो। बीमार या अस्वस्थ पशुओं का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में आपदा प्रबंधन को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत सहित पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी एवं सेक्टर व सहायक सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।



