

काशीपुर: ऊधमसिंह नगर से एक बार फिर बड़ा ही गंभीर मामला सामने आया है। काशीपुर के कुंडा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ खुद जहर खा लिया। जिसके बाद मां और उसके दो साल के बेटे की मौत हो गई। जबकि चार साल की बेटी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। मामला संदिग्ध बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गंगापुर थाना कूंडा क्षेत्र में हुई इस घटना की चर्चा पूरे गांव भर में हो रही है। फिलहाल कारणों का पता नहीं लग सका है। इतना जरूर पता लगा है कि 24 वर्षी कुसुमलता पुत्री चिन्ना सिंह निवासी कचनाल गाजी का अपने पति से विवाद चल रहा था।
बता दें कि कुसुमलता की शादी छह साल पहले दढियाल निवासी रामकिशोर के साथ हुई थी। परंतु डेढ़ साल से कुसुमलता अपने पति से अलग रह रही थी। गौरतलब है कि उसने अपनी चार वर्षीय बेटी दीपिका और दो वर्षीय बेटे लव को जहर दे दिया और उसके बाद खुद भी जहर खा लिया।
जिसके बाद कुसुमलता और लव की मौत हो गई। जबकि दीपिका का इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। यह भी पता चला कि गांव में पति के साथ सुलह कराने को लेकर बीते दिनों पंचायत भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई निर्णय नहीं निकला। फिलहाल पुलिस कारणों की जांच में जुटी है।