बिलों में व्याप्त गंभीर अनियमितताओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

देहरादून। आज महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के नेतृत्व में उत्तराखण्ड जल संस्थान, इंदिरानगर कार्यालय में उप प्रभागीय अधिकारी को जल एवं सीवर बिलों में व्याप्त गंभीर अनियमितताओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून महानगर के पंडितवाड़ी, वसंत विहार, इंदिरानगर, कांवली, द्रोणागिरी एवं पटेल नगर सहित अनेक क्षेत्रों में जल आपूर्ति एवं सीवर व्यवस्था को लेकर आम जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है। जहाँ सीवर कनेक्शन उपलब्ध ही नहीं हैं, वहाँ भी उपभोक्ताओं से सीवर शुल्क की वसूली की जा रही है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
डॉ. गोगी ने कहा कि कई क्षेत्रों में सीवर लाइन का कार्य अधूरा है अथवा घरों को कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है, इसके बावजूद नियमित रूप से बिलों में सीवर शुल्क जोड़ा जा रहा है। साथ ही जल आपूर्ति का दबाव अत्यंत कम है और अनियमित आपूर्ति के बावजूद उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जा रही।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक नागरिकों को सीवर सेवा का वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा, तब तक सीवर टैक्स की वसूली बंद की जानी चाहिए। महानगर कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि जिन क्षेत्रों में सीवर कनेक्शन उपलब्ध नहीं है, वहाँ से सीवर शुल्क की वसूली तत्काल रोकी जाए। गलत तरीके से वसूले गए सीवर शुल्क का समायोजन/रिफंड किया जाए। अधूरे पड़े सीवर कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। जल आपूर्ति के कम दबाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि यदि शीघ्र ही इस विषय पर ठोस कार्यवाही नहीं की गई तो महानगर कांग्रेस कमेटी जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है और आगे भी आम नागरिकों की आवाज को बुलंद करती रहेगी।इस अवसर पर मुख्य रूप से पार्षद अभिषेक तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष कवाली राजेश पुंढिर , अंजू भारती, ट्विंकल अरोड़ा, अल्ताफ अहमद, रामकुमार थपलियाल , राजीव चौधरी, जसविंदर सिंह मोडी, अमन कुमार, आयुष सेमवाल, रामबाबू, संजय शर्मा , अनिरुद्ध सिंह, आदर्श सूद, गगन छाजर, वीरेंद्र पंवार, सूरज छेत्री, गुरनैन सिंह, अमनदीप सिंह, विलियम आदि उपस्थित थे।



