एक आयोजन ऐसा भी : -एक कार्यक्रम जहां सब कुछ महिलाओं ने ही किया होने वाला है कुछ खास

27 सितंबर की शाम हरिद्वार एक खास आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। इस दिन होने वाली डांडिया नाइट इसलिए विशेष है क्योंकि इसकी पूरी जिम्मेदारी सिर्फ महिलाओं ने अपने कंधों पर उठाई है। आयोजन की हर तैयारी, हर प्रबंधन और हर व्यवस्था महिलाओं के एक समूह ने मिलकर की है, जिसमें किसी भी पुरुष की सहायता नहीं ली गई।
इस अनोखे आयोजन का संचालन नई उड़ान भारत फाउंडेशन कर रहा है। फाउंडेशन की अध्यक्ष विनीत गौनियाल के साथ मोनिका अरोड़ा, विभा गर्ग,अनिता,कनुप्रिया मिश्रा,कोमल मेहता,प्रीति गुप्ता ,प्रियदर्शिनी,गीता गोनियल, और कई अन्य महिलाओं ने पिछले एक महीने से दिन-रात मेहनत कर इस आयोजन को सफल बनाने की ठानी है।
घर-परिवार और आयोजन दोनों का संतुलन
इन महिलाओं की मेहनत इस आयोजन को और भी खास बना देती है। सुबह से शाम तक घर-गृहस्थी के काम, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जिम्मेदारियों को निभाने के बाद भी ये महिलाएं डांडिया नाइट की तैयारी में पूरी ऊर्जा से जुटी रहीं। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रैक्टिस, टिकटों की डिजाइनिंग, शहर में होर्डिंग्स लगाने, आयोजन स्थल बुक करने, गेस्ट मैनेजमेंट, परमिशन लेने और मंच संचालन तक की सभी जिम्मेदारियां इन्होंने खुद निभाईं।
समाज सेवा का संकल्प
इस आयोजन का एक और नेक उद्देश्य है. चैरिटी नई उड़ान भारत फाउंडेशन की ओर से इस डांडिया नाइट से प्राप्त आय का उपयोग समाज सेवा के कार्यों में किया जाएगा। हरिद्वार के संभ्रांत परिवारों से जुड़ी ये महिलाएं मानती हैं कि किसी भी उत्सव की असली खूबसूरती तभी है, जब उसके माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव की पहल हो।
महिला सशक्तिकरण की मिसाल
यह आयोजन न केवल मनोरंजन और संस्कृति का संगम होगा बल्कि यह साबित करेगा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में संगठन, प्रबंधन और सफलता की मिसाल पेश कर सकती हैं। महिलाओं के परिश्रम, लगन और संकल्प से सजे इस डांडिया नाइट का इंतजार पूरे शहर को है।