
भराड़ीसैंण, 19 अगस्त। विपक्ष के हंगामे के बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 5315 करोड़ का अनुपूरक बजट सदन पटल पर रखा। इसके बाद सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले सीएम धामी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भेंट की। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल भी मौजूद रहे। उत्तराखंड विधानसभा मानसून सत्र में सदन की कार्यवाही प्रातः 11 बजे शुरू हुई। वहीं सभी विपक्षी विधायक प्रदर्शन करते हुए वेल में पहुंच गये। कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने सदन में नियम 310 के अंतर्गत चर्चा की मांग की। कांग्रेस के सभी विधायक विरोध में खड़े हो गये। कानून व्यवस्था को लेकर विरोध कर दिया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा के कुकृत्यों ने शर्मसार किया है। सभी विपक्षी विधायक प्रदर्शन करते हुए वेल में आए और नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद भी विरोध में शामिल हो गए। वहीं सदन की कार्यवाही 11:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। उत्तराखंड विधानसभा सत्र में सदन की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई और 12.30 बजे तक के लिए स्थगित भी कर दी गई। विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। पहले दिन ही सदन पटल पर अनुपूरक अनुदान मांगे पेश होंगी। तीसरी बार सदन की स्थगन अवधि बढ़ाई गई है। पहले 11:40 तक सदन स्थगित किया था। फिर दोबारा कार्यवाही शुरू हुई। इसके 10 मिनट और अवधि बढ़ाई गई। अब सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित की गई।
कानून व्यवस्था पर कांग्रेस के विरोध के चलते लगातार कार्यवाही स्थगित की जा रही है। सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी नेताओं ने सचिव की टेबल पलटने की कोशिश की। साथ ही माइक तोड़ दिया। कांग्रेस विधायकों ने वेल में लहराए कागज। लगातार कर रहे प्रदर्शन और नारेबाजी। कांग्रेस विधायकों ने कार्यसूची फाड़ी और सदन में उछाली। इसके बार वेल में धरने पर बैठ गए। विधानसभा अध्यक्ष ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ये बेहद दुखद है। सदन के अंदर सचिव के टेबल, माइक और टेबलेट को तोड़ दिया गया। सदन में जैसे ही सीएम माइक पर बोलने लगे उनका माइक खराब हो गया। वह अपनी कुर्सी से पीछे जाकर मंत्री के माइक से बोल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पूर्व विधायक मुन्नी देवी को श्रद्धांजलि दी। सदन में मुन्नी देवी की याद में निधन प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दिवंगत पूर्व विधायक मुन्नी देवी को श्रद्धांजलि दी। उनके बाद सदन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज फिर कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और मंत्री सौरभ बहुगुणा ने श्रद्धांजलि दी। सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित की गई है। वहीं विपक्ष का हंगामा जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा सत्र को लेकर कहा कि सदन में बहस होनी चाहिए थी। जनता के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन विपक्ष ने जिस तरह से कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई हैं, वह पूरा देश देख रहा है। हम सदन चलाना चाहते थे। पंचायत चुनाव में भाजपा को भारी जीत मिली है। जिस तरह से जनता ने पंचायत चुनाव, लोकसभा चुनाव, विधानसभा, नगर निकाय चुनाव में सभी क्षेत्रों के विकास की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपी है, उससे विपक्ष का निराश होना स्वाभाविक है। सीएम ने कहा कि जनता देख रही है। पूरे देश में इनकी पार्टी की ये परंपरा बन गई है कि जहां भी हारते हैं वहां ये ईवीएम कभी चुनाव आयोग, प्रशासन, सरकार को दोष देते हैं। नैनीताल में हमारी पार्टी का उम्मीदवार अध्यक्ष और कांग्रेस का उम्मीदवार उपाध्यक्ष चुना गया, अगर ये निष्पक्ष चुनाव नहीं होता तो दोनों पद भाजपा के पास होने चाहिए थे। सदन में चर्चा होनी चाहिए थी, हम चर्चा के लिए तैयार थे। हमें अपने राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए काम करना है। सत्र के दौरान विपक्ष का हंगामा जारी है। सदन की कार्यवाही चार बजे तक के लिए स्थगित की गई। सदन की कार्यवाही फिर शुरू की गई। इस दौरान विपक्ष का वेल में हंगामा जारी रहा।
ये नौ विधेयक सदन पटल पर रखे गए :-
उत्तराखंड विनियोग 2025-26 का अनुपूरक विधेयक 2025
उत्तराखंड उत्तर प्रदेश श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ मंदिर अधिनियम 1939 संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता एवं विधि विरुद्ध प्रतिषेध संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड साक्षी संरक्षण निरसन विधेयक 2025
उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक 2025
समान नागरिक संहिता उत्तराखंड संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक 2025