Dehradun

संयुक्त परिषद का धरना, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

देहरादून, 9 नवंबर। उत्तराखंड राज्य की 26वीं स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त परिषद के बैनर तले कचहरी स्थित शहीद स्थल पर धरना दिया गया। धरने में संयुक्त परिषद से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, आंदोलनकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद आंदोलनकारियों को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। संयुक्त परिषद ने शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि देकर उन आंदोलनकारियों को याद किया, जिन्होंने उत्तराखंड राज्य की स्थापना के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
धरने के दौरान संयुक्त परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शहीद स्थल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। परिषद ने मुख्यमंत्री से 2 अक्टूबर 2026 को मुजफ्फरनगर कांड के शहीद स्थल से किए गए वायदे को पूरा करने का अनुरोध किया।
ज्ञापन में परिषद ने कहा कि तत्कालीन नारायण दत्त तिवारी सरकार के दौरान आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई थी, किंतु तकनीकी बाधाओं और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के कारण बड़ी संख्या में वास्तविक आंदोलनकारी इस प्रक्रिया से वंचित रह गए। आज भी अनेक आंदोलनकारियों के पास न तो जेल का प्रमाणपत्र है और न ही पुलिस रिकॉर्ड, क्योंकि वर्षों पूर्व के अभिलेख या तो नष्ट हो चुके हैं या थानों में उपलब्ध ही नहीं हैं।
जनआक्रोश और चेतावनी
संयुक्त परिषद ने कहा कि आश्वासन के बावजूद चिन्हीकरण की प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। जिला स्तर पर गठित समितियों की बैठकों में अनेक मामले साक्ष्य के अभाव में लंबित रह जाते हैं। विभिन्न मंचों द्वारा लगातार चिन्हीकरण में देरी पर रोष व्यक्त किया जा रहा है तथा सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी जा रही है। परिषद ने दुख व्यक्त किया कि अनेक वृद्ध आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण की प्रतीक्षा में निधन हो चुका है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि सरकार आंदोलनकारियों के योगदान का सम्मान करती है। उन्होंने मौके पर चिन्हीकरण की प्रक्रिया शुरू करने तथा प्रक्रिया के सरलीकरण का आश्वासन दिया।
संयुक्त परिषद ने आशा जताई कि सरकार शीघ्र ठोस कदम उठाएगी और आंदोलनकारियों के त्याग व बलिदान का विधिवत सम्मान करेगी। धरने में संयुक्त परिषद के संरक्षक बालेश बबानिया,सीपीएम सचिव अनन्त आकाश,जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार, चिंतन सकलानी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष लेखराज, विकास रावत, सुभागा फर्स्वाण, अमित परमार, नुरैशा अंसारी, बिन्दा मिश्रा, निशा रतूडी,सुरेशी नेगी, सुमित्रा रावत, कल्पेश्वरी नेगी,राजेश्वरी विमला भट्ट, गौरादेवी, शाकुम्भरी रावत,सुशील बिरमानी,विमला रावत,सत्येश्वरी बहुगुणा शीला जखमोला,सुनिता सहित अनेक पदाधिकारी एवं आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button