Dehradun

मुख्यमंत्री ने ली बचाव अभियान की जानकारी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दिल्ली से ही आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क कर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में ट्रेकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रेकर्स एवं पोर्टर की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए प्रत्येक पर्यटक को सकुशल उनके घरों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी पर्यटकों को चिकित्सीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाए, साथ ही उनके भोजन सहित अन्य आवश्यकताओं का भी समुचित प्रबंधन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक हमारा अतिथि है, अत: प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करना राज्य का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने विगत दिनों बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा। उन्होंने बंद सड़कों को खोलने और बरसात के कारण खराब सड़कों की मरम्मत युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी, उत्तरकाशी श्री प्रशांत आर्य के नेतृत्व में वर्तमान समय में ऑडेन कोल क्षेत्र से सभी 29 ट्रेकर्स का सफलतापूर्वक हेली रेस्क्यू कर लिया गया है। रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलिपैड पर लाने के उपरांत प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। सभी ट्रेकर्स का स्वास्थ्य सामान्य है। प्राथमिक उपचार के पश्चात सभी ट्रेकर्स अपने-अपने गंतव्य के लिए सुरक्षित रूप से प्रस्थान कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त, कालिंदी पास क्षेत्र में भी हेली रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। राहत एवं बचाव टीमें विभिन्न ट्रेकिंग रूटों एवं बेस कैंपों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, एनआईएम एवं वन विभाग की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button